सारंगढ़ । जिले के बरमकेला परियो. अंतर्गत सरिया सेक्टर के आंगन वाड़ी केंद्र भठलीपुरा -02 में आयोजित सुपोषण चौपाल में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू शामिल हुईं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।जिला
कलेक्टर ने आंगन वाड़ी केंद्र की दो गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज से गोदभराई कराई और छह माह की आयु पूर्ण कर चुके दो बच्चों को अपने हाथों से खीर खिलाकर अन्न प्राशन संस्कार संपन्न कराया। इस अवसर पर उन्होंने गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट भी प्रदान किए।
कलेक्टर श्रीमती भोई साहू ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने माताओं को बच्चों के छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद ऊपरी आहार शुरू करने तथा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। सुपोषण चौपाल में महिलाओं और अभिभावकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र की सेवाओं तथा पोषण स्थिति की जानकारी ली और विभागीय अमले को गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी तेजस्वी ध्रुव, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



