
सारंगढ़ । जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित होगा। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने तैयारियां शुरू करते हुए 13 गतिविधियों के लिए विभागवार दायित्व निर्धारित कर नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। जिला प्रभारी अधिकारी CEO जिपं ऋषिकेश तिवारी होंगे। सभी विभागों को समन्वय के साथ तैयारी के निर्देश दिए गए हैं । इस अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर संध्या को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगा। प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी पंचायत विभाग को दी गई है। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत थीम पर स्कूलों में ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता होगी।
अभियान में नमो सेवा गाथा के तहत नुक्कड़ नाटक, आंगन का उत्सव के तहत आंगन बाड़ी में आयोजन, कहानी बदलाव की में हितग्राहियों की सफलता की कहानियां, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, जल जन सेवा संकल्प व सेवा-मेरा योगदान जैसी गतिविधियां होंगी। 25 सेवा गति विधियों को स्वच्छता से जोड़ा गया है। सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार के तहत विधानसभा व विकासखंड स्तरीय शिविर लगाकर योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। रंगोली राष्ट्र, इनोवेशन चैलेंज और 17 अक्टूबर को जनसंपर्क महाकुंभ का आयोजन होगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध कार्य योजना बनाकर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।









