सारंगढ़ में निकली भव्य कांवड़ यात्रा, खड़गेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के साथ हुआ समापन

सारंगढ़। सावन माह के पावन अवसर पर सोमवार को सारंगढ़ में भगवान भोलेनाथ की भक्ति से सराबोर भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ियों ने तालामंदिर से यात्रा की शुरुआत की और नगर भवन सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नाते गेट की ओर प्रस्थान किया।
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तजन भगवान शिव के जयकारों के साथ भक्ति में लीन होकर आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कांवड़ियों ने पवित्र जल लेकर नगर भ्रमण किया और यात्रा के अंतिम पड़ाव पर भगवान श्री खड़गेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर जल अर्पित किया। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के साथ कांवड़ यात्रा का समापन हुआ।
इस दौरान श्रद्धालुओं में भगवान भोलेनाथ के प्रति विशेष आस्था और उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ के दर्शन पूजन मे भक्तगण सराबोर हैं क्षेत्र मे देवाधिदेव महादेव जी पूजन की बयार बह रही है।









