
बरमकेला । 13 मार्च 26 प्रशासन जब ठान ले तो नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं होती । बरमकेला में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमला सड़कों पर उतरा । घरेलू रसोई गैस की चोरी कर अपना मुनाफा चमकाने वाले होटल संचालकों के खिलाफ अधिकारियों ने सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कार्यवाही को अंजाम दिया है । तहसील दार पुष्पेंद्र राज और नायब तहसीलदार मोहन साहू के नेतृत्व में जब संयुक्त टीम ने नगर के होटलों में दबिश दी, तो मिलावटखोरों और लापर वाह संचालकों के पसीने छूट गए। सहायक खाद्य अधिकारी व नपं की इस संयुक्त टीम ने केवल औपचारिकता नहीं निभाई, बल्कि दिव्या रेस्टोरेंट, गणेश, ड्रीम कैफे और प्रिया फूड हब के किचन तक पहुँच कर सुरक्षा, स्वच्छता की बारीकी से जांच की।
सबसे बड़ी कार्यवाही जायसवाल फैमिली रेस्टोरेंट में हुई, जहाँ गरीबों व आम जनता के हक के लाल (घरेलू) सिलेंडर धड़ल्ले से कमर्शियल चूल्हों में जल रहे थे। अधिकारियों की सतर्कता का आलम यह था कि – रंगे हाथों 4 नग घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए । शुभम जायसवाल के प्रतिष्ठान पर हुई इस जब्ती ने साफ कर दिया कि अब बरमकेला में नियमों की धज्जियाँ उड़ाना महंगा पड़ेगा। इस कार्यवाही की सबसे खास बात अधिकारियों का नो कॉम्प्रोमाइज रवैया रहा ।
द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (विनियमन) आदेश 2000 के तहत तत्काल जब्ती बनाकर कानून का खौफ पैदा किया। केवल सिलेंडर ही नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा और सफाई को लेकर भी संचालकों को कड़ी फटकार लगाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि – यह कार्यवाही महज एक दिन का खेल नहीं है निरीक्षण का यह चाबुक आगे भी चलता रहेगा। अधिकारियों का संदेश साफ़ है व्यापार करना है तो नियम मानिए, वरना कानूनी कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहिए।














