कलेक्टर व एसपी ने विद्यार्थियों को किया साइबर सुरक्षा व यातायात नियमों के प्रति जागरूक

सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ स्थित सेजस स्कूल में साइबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूक किया। कार्यक्रम को जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने भी संबोधित किया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि – वर्तमान में साइबर अपराध के तरीके तेजी से बदल रहे हैं । विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि – एआई तकनीक का उपयोग शिक्षा और रचनात्मक कार्यों के लिए करें, दुरुपयोग से बचें।
एसपी सुनील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को OTP, बैंकिंग पिन, पासवर्ड साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और अनजान APK फाइल डाउनलोड न करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट http:// cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।कार्य क्रम स्थल पर छग पुलिस के साइबर जागृति अभियान के बैनर से भी जागरूक किया गया। जिपं अध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि – मोबाइल पर लालच भरे संदेश, फर्जी कॉल से सावधान रहें। एआई के माध्यम से फोटो-आवाज से छेड़छाड़ कर ब्लैकमेल किया जा सकता है, ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं, परिजनों व पुलिस को बताएं। उन्होंने दोपहिया चलाते हेलमेट पहनना अनिवार्य बताया। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल डीईओ , एसडीओपी गोबिंद दीवान, आरई चंद्रा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।



