
सारंगढ़ । शासन भले ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों को ODF घोषित कर रही है, लेकिन जिले के जपं बरमकेला के गौरव ग्राम बड़े नावापारा में हकीकत कुछ और ही है। यहां खैरगढ़ी मुख्य मार्ग सड़क किनारे खुले में शौचालय में तब्दील हो गया है। गांव के मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर रोज सुबह खुले में शौच किया जा रहा है। इससे सड़क पर गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है। इस मार्ग से रोज सैकड़ों ग्रामीणों व राहगीरों का आना- जाना होता है, लोग नाक बंद कर गुजरते है। स्थानीय निवासी देवराज दीपक ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी जपं ने ध्यान नहीं दिया। सबसे गंभीर बात यह है कि इसी गंदगी वाली जगह से 50 मीटर की दूरी पर शिशु मंदिर स्कूल संचालित है। स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे इसी गंदे रास्ते से होकर स्कूल पहुंचते हैं। अभिभावकों ने बच्चों की सेहत को लेकर चिंता जताई है। खुले में शौच से मक्खी-मच्छर व संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि मौके पर टीम भेजकर जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई के साथ स्थायी शौचालय की व्यवस्था की जाए।



