
मनरेगा के 26 करोड़ एवं DMF के सैकड़ों कार्यों का भुगतान अटका, दुर्गा पूजा से पहले संकट गहराया
सारंगढ़ । ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पटेल ने बताया कि – जिले की ग्राम पंचायतें इन दिनों भारी आर्थिक संकट से गुजर रही हैं ।मनरेगा योजना के तहत जिले भर में लगभग 26 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित पड़ा है, जिसमें अकेले सारंगढ़ जनपद पंचायत का 6 करोड़ रुपये से अधिक का देयक शामिल है। इधर डीएमएफ मद वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 200 निर्माण कार्यों में से 133 कार्य लगभग पूर्णता की ओर हैं या पूर्ण हो चुके हैं। इन कार्यों को ग्राम पंचायतों ने कर्ज, उधारी लेकर पूरा कराया है, लेकिन करोड़ों रुपये का भुगतान आज तक नहीं हुआ है।
राकेश पटेल ने बताया स्थिति यह है कि – सरपंच कर्ज में डूब चुके हैं। मजदूरों की मजदूरी, मटेरियल सप्लायर का पैसा और ब्याज पर लिया गया पैसा सिर पर चढ़ गया है। कई पंचायतो में ठेकेदारों ने काम बंद करने की चेतावनी दे दी है।
सरपंचों का कहना है कि – दुर्गा पूजा जैसा बड़ा पर्व नजदीक है, त्यौहार के समय हाथ खाली हैं। शासन से कई बार मांग करने के बाद भी भुगतान नहीं हो रहा है। यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो पंचायतों का विकास कार्य पूरी तरह ठप हो जाएगा।



