पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास बरमकेला में अव्यवस्थाओं की पोल, विधायक उत्तरी जांगड़े ने जताई कड़ी नाराजगी

बरमकेला। नगर के पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में व्याप्त गंभीर अव्यवस्था को लेकर सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने औचक निरीक्षण कर कड़ी नाराजगी जताई है। विधायक ने मंगलवार को दोपहर अचानक छात्रावास पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्या सुनीं। निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने विधायक को बताया कि – उन्हें पिछले लगभग एक वर्ष से सैनिटरी पैड उपलब्ध नहीं कराया गया है। छात्राओं ने कहा कि इस संबंध में कई बारअधीक्षिका को बताया गया, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं हुई। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी इतनी महत्वपूर्ण सामग्री के अभाव पर विधायक ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह घोर लापरवाही है। छात्राओं को ऐसी मूलभूत सुविधा से वंचित नहीं किया जा सकता।
जांच में यह भी सामने आया कि – छात्रावास में स्टॉक पंजी का नियमित संधारण नहीं हो रहा है। जिला कार्यालय से छात्रावास के लिए कौन सी सामग्री, कितनी मात्रा में और कब आई, इसका कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है। इस तरह चावल के आवंटन एवं खपत का रजिस्टर भी मेंटेन नहीं किया जा रहा है। इससे शासन से प्राप्त खाद्यान्न की मात्रा, रोज की खपत और बचे हुए स्टॉक का हिसाब नहीं मिल पा रहा है।विधायक श्रीमती जांगड़े ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राएं शासन की सीधी जिम्मेदारी हैं। उनके भोजन, सुरक्षा, स्वच्छता और पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण देना हम सबका कर्तव्य है। लापर वाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि – यदि अधिकारी नियमित रूप से छात्रावासों का निरीक्षण करें और जमीनी हकीकत देखें तो ऐसी कमियां लंबे समय तक नहीं रहेंगी। केवल कागजों में निरीक्षण दिखाने से काम नहीं चलेगा, मौके पर जाकर वास्तविकता देखनी होगी।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास की स्टॉक पंजी, चावल आवंटन, खाद्यान्न सहित सभी सामग्रियों के रिकॉर्ड की तत्काल जांच कराई जाए और छात्राओं को सैनिटरी पैड सहित सभी आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। गौर तलब है कि विधायक उत्तरी जांगड़े द्वारा पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र के विभिन्न छात्रावासों, स्कूलों और आश्रमों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इन निरीक्षणों के दौरान लगातार खामियां उजागर हो रही हैं, जिससे विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विधायक ने स्पष्ट कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।



