
सारंगढ़। जिले की प्राचीन एवं ऐतिहासिक नगरी ग्राम कोसीर में नवरात्र पर्व की तैयारियां जोर – शोर से चल रही हैं। अंचल के आस्था का प्रमुख केंद्र बिंदु कोसीर मां कुशलाई के नाम से प्रसिद्ध है, जहां नवरात्र पर्व पर लाखों श्रद्धालु माँ के दर्शन करने पहुंचते हैं। इस वर्ष शारदीय क्वांर नवरात्र 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है जो 19 अक्टूबर तक चलेगा। मां कुशलाई मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हर्षोल्लास एवं धूमधाम से इस पर्व को मनाने के लिए ग्रापं एवं मंदिर समिति की टीम काम में जुटी हुई है। जगह-जगह पांम्पलेट-पोस्टर लगाए जा रहे हैं साथ ही पूरे मंदिर प्रांगण की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का काम भी पूर्ण कर लिया गया है। मंदिर में लाइटिंग का काम शुरू हो चुका है जो जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। माँ कुशलाई का नाम पूरे अंचल में प्रसिद्ध है। जिनके दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु नवरात्र में मंदिर पहुंचते हैं। हर नवरात्र मां के दरबार में सैकड़ों-हजारों की संख्या में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित होती है। इस वर्ष भी लगातार श्रद्धालु मंदिर एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों के माध्यम से ज्योति कलश की रसीद कटाकर मनोकामना दीप जलाकर माता का आशीर्वाद लेंगे। मां कुशलाई को क्षेत्रवासियों द्वारा इच्छित मनोकामना पूर्ति की देवी के रूप में श्रद्धापूर्वक पूजा जाता है। मान्यता है कि श्रद्धालु सच्चे मन से माता की आराधना कर अपनी मनोकामना लेकर मंदिर पहुंचते है।
मां कुशलाई मंदिर में नवरात्रि पर्व के अवसर पर प्रतिवर्ष नौ दिवसीय मेले एवं निशुल्क महाभंडारे का भव्य आयोजन किया जाता है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजती हैं, जहां घरेलू उपयोग की सामग्री, खिलौने, प्रसाधन सामग्री, खान-पान सहित अन्य वस्तुओं की दुकानें लगाई जाती हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए भी विभिन्न साधन उपलब्ध रहते हैं एवं बाहर से आए हुए श्रद्धालुओं को निशुल्क महाभंडारे का भोजन प्रसाद बांटा जाता है। इस वर्ष भी भव्य मेले के साथ विभिन्न श्रद्धालुओं एवं समितियों के सहयोग से महाभंडारे का प्रसाद निशुल्क वितरण किया जाएगा। मंदिर में सभी व्यवस्थाओं एवं साज-सज्जा को आकर्षक बनाने के लिए ग्राम पंचायत कोसीर एवं मंदिर समिति लगातार प्रयासरत है। व्यवस्थापक सरपंच सुमन राजेन्द्र राव के द्वारा मंदिर के पीछे तालाब की साफ-सफाई लगातार कराई जा रही है। वहीं मंदिर अध्यक्ष व संचालक उपसरपंच लता पोलेश्वर बनज द्वारा रंग-रोगन का कार्य पूर्ण करा लिया गया है तथा आकर्षक लाइटिंग, साफ पेयजल, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं को बारी-बारी से सुगमता से दर्शन हो इसके लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। वहीं ग्राम पंचायत कोसीर के युवा पंच श्याम पटेल ने बताया कि माता कुशलाई मंदिर में नौ दिनों तक विभिन्न प्रकार के माता जगराता, झांकी, लोककला मंच के कार्यक्रम होने हैं। मंदिर के सभी कार्यों में सबकी सहभागिता के साथ आयोजन को सफल बनाने की विशेष अपील की गई है।



