नवरात्र पर्व को लेकर पुलिस ने दुर्गा पंडाल समितियों के साथ की बैठक शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सारंगढ़। आगामी नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल ने सारंगढ़ नगर में स्थापित होने वाले विभिन्न मां दुर्गा पंडाल समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय सारंगढ़ में हुई, जिसमें शहर के विभिन्न दुर्गा पंडाल समितियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल ने नवरात्र पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि श्रद्धा, आस्था और धार्मिक सौहार्द का पर्व है। ऐसे में सभी समितियां पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को अनुशासित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं।
पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा आयोजन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों को लेकर समिति के सदस्यों से विस्तार से चर्चा की। साथ ही समितियों से अपील की गई कि पंडाल एवं आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के साथ सारंगढ़ एसडीओपी गोविंद दीवान, कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव सहित सारंगढ़ शहर के विभिन्न दुर्गा पंडाल समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
पुलिस एवं दुर्गा पंडाल समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।



