
सारंगढ़ । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर गाताडीह के ग्राम पंचायत हरदी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिपं सदस्य एवं महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती शिवकुमारी साहू, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष व पूर्व जिपं सदस्य श्रीमती बैजन्ती लहरे, जनपद सदस्य श्रीमती अंजू भागवत, जपं सदस्य जीवन नेताम, ग्रापं हरदी के सरपंच, पंच एवं कोसीर क्षेत्र के जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला – पुरुष, गर्भवती, शिशुवती माताएं, मितानिन, किशोरी बालिका, आंगन बाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं पर्यवेक्षक उपस्थित हुईं।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई, साथ ही खेल प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गोदभराई, अन्नप्राशन एवं न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यकर्ता एवं मितानिनों को सम्मानित किया गया तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने ‘मेरी कहानी मेरी जुबानी’ के तहत योजना से होने वाले लाभ के बारे में अनुभव साझा किए। पर्यवेक्षक श्रीमती विद्यावती बंजारे द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं हितग्राहियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या योजना सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं मिलने वाले लाभ के बारे में बताया।



