
गोदभराई की रस्म में हुए शामिल
सारंगढ़ । सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ के झारियापारा आंगन बाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और सुपोषण के रंग में रंगा नजर आया। समारोह में गर्भवती महिलाओं की परंपरागत गोद भराई की रस्म आयोजित हुई। दोनों मंत्रियों ने गर्भवती महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए पोषण किट प्रदान किए और स्वास्थ्य-पोषण का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
आंगनबाड़ी के बच्चों से आत्मीय संवाद कर मंत्रियों ने उनकी पढ़ाई और गतिविधियों की जानकारी ली तथा उत्साहवर्धन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगी, जिस का मंत्रियों ने अवलोकन किया।इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, एसपी सुनील शर्मा, सांसद राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, अधिकारी उत्तम सूर्यवंशी, श्रीमती चंचला महिलांगे सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।



