
सारंगढ़ । नवगठित जिले सारंगढ़ के लिए शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय लिखा जा रहा है। जिले में डाइट (DIET) कॉलेज की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिस पर शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया है। यह सौगात जिले के हजारों युवाओं और शिक्षकों के लिए स्वर्णिम भविष्य का आधार बनेगी।जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए अवगत कराया था कि – जिले के शिक्षक साथियों को प्रशिक्षण के लिए धरमजयगढ़ डाइट कॉलेज तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानी के साथ समय की भी बर्बादी होती है।
डाइट कॉलेज की स्थापना से जिले के शिक्षकों को अब दूसरे जिले में नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें उन्नत प्रशिक्षण एवं बेहतर संसाधन अपने ही जिले में उपलब्ध होंगे। इससे जिले के शैक्षणिक स्तर में गुणात्मक सुधार आएगा व शिक्षण की गुणवत्ता मजबूत होगी। साथ ही जिपं अध्यक्ष ने भवन विहीन स्कूलों में नवीन भवन निर्माण, पूर्व माध्यमिक स्कूलों को हाईस्कूल तथा हाईस्कूलों को हायर सेकेंडरी में उन्नयन की भी मांग की है। शिक्षा मंत्री ने आश्वस्त किया है कि – सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले में शिक्षा को नई ऊंचाई तक ले जाया जाएगा। डाइट कॉलेज खुलने से न केवल शिक्षक प्रशिक्षित होंगे बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का भी बेहतर मंच मिलेगा।



