कंडोला में साड़ी बुनकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए संजय पांडे,35 महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाया कदम

सारंगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कंडोला में सेवा संकल्प अभियान के तहत सारबिला कौशली साड़ी बुनकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक कौशल से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार, स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में सबेरा समाज की 35 महिलाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को साड़ी बुनकरी का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को उनके पारंपरिक हुनर को रोजगार से जोड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं सहभागिता के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं अनुभव प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि कलेक्टर महोदया के मार्गदर्शन में एनआरएलएम के माध्यम से इन परिवारों को निरंतर सहयोग दिया जा रहा है। महिलाओं के हुनर को प्रोत्साहित करने के साथ ही हमारा प्रयास है कि प्रशिक्षण के बाद उनके उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध हो, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होकर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल कौशल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आवास, कौशल, रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता को एक साथ जोड़कर सपेरा बस्ती के परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास है। ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन देश के लिए विशेष महत्व रखता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाया। इन महान विभूतियों के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना तथा प्रत्येक परिवार को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना हम सभी का संकल्प होना चाहिए।
कार्यक्रम में स्वतंत्र निदेशक, भारत सरकार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला अध्यक्ष ज्योति लाल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, जिला पंचायत सभापति डॉ. अभिलाषा नायक, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सहोदरा सिदार तथा जनपद अध्यक्ष बरमकेला श्रीमती चौहान सहित अधिकारी-कर्मचारी, बिहान समूह की महिलाएं एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
महात्मा गांधी के स्वदेशी, स्वावलंबन एवं ग्राम स्वराज के विचारों को आगे बढ़ाते हुए आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।
नारी शक्ति का कौशल—आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम।



