छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

दहिदा की 7 वर्षीय छात्रा ने लिया सिविल सर्जन का साक्षात्कार

सारंगढ़। जिले के विकास खंड सारंगढ़ अंतर्गत शा प्रा. शाला दहिदा ने एक बार फिर अपनी नवाचारी शिक्षा पद्धति से सबका ध्यान खींचा है। यहां कक्षा 2 में अध्ययनरत मात्र सात वर्षीय छात्रा खुशबू आदित्य ने वह कर दिखाया जो बड़े-बड़े पत्रकारिता के छात्रों के लिए भी प्रेरणा है। प्रधान पाठक श्रीमती प्रियंका गोस्वामी के कुशल मार्गदर्शन व सतत प्रोत्साहन से नन्हीं खुशबू ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय सारंगढ़ डॉ. दीपक जायसवाल का साक्षात्कार लिया।

साक्षात्कार के दौरान खुशबू ने अपने बालपन और जिज्ञासा से भरे मासूम सवालों से डॉ. जायसवाल का दिल जीत लिया। डॉक्टर से स्वास्थ्य, अस्पताल की सुविधाओं और बीमारियों से बचाव को लेकर पूछे गए बेबाक सवालों को सुनकर सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल काफी भावुक हुए। दीपक
ने कहा कि – इतनी छोटी उम्र में इतनी आत्मविश्वास और स्पष्ट अभिव्यक्ति देखना सुखद आश्चर्य है। उन्होंने शाला की प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी की शिक्षा के प्रति समर्पण एवं बच्चों में सीखने की प्रबलता की मुक्त कंठ से सराहना की।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत अनुभवात्मक शिक्षा व डिजिटल क्रांति के इस दौर में दहिदा के नन्हें बच्चों द्वारा की जा रही रिपोर्टिंग और पत्रकारिता कौशल विकास का जीवंत उदाहरण है। यह बताता है कि – सरकारी स्कूल के बच्चे भी अवसर मिलने पर किसी से कम नहीं हैं।नन्हीं रिपोर्टर खुशबू के इस शानदार अभिव्यक्ति कौशल और बेबाक अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग बच्ची की खूब सराहना कर रहे हैं। इस विशेष उपलब्धि पर विकास खंड शिक्षा अधिकारी सोमा सिंह ठाकुर, डीईओ एल.एन. पटेल ने छात्रा खुशबू आदित्य, प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी एवं समस्त शालेय परिवार को हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button