जपं सारंगढ़ की सामान्य सभा सम्पन्न, अनुपस्थित विभागों पर निंदा प्रस्ताव पारित

सारंगढ़ । जपं की सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को जनपद सभागार में अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक दोपहर आयोजित की गई, जिसमें पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों और विभागीय योजना की गहन समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपनी-अपनी विभागीय कार्य शैली, कार्यों की प्रगति, कार्यक्षमता, नवीन योजनाओं को लेकर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। प्रस्तुत जानकारीयों का विश्लेषण करते हुए अध्यक्ष ममता ने आवश्यक दिशा – निर्देश दिए। साथ ही आगामी दिनों में विकास कार्यों को गति देने और जन हितैषी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए नई रूपरेखा तय की गई। बैठक में कई विभाग अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सदस्यों ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। अध्यक्ष ममता राजीव सिंह ने कहा कि सामान्य सभा महत्वपूर्ण बैठक है, सभी विभागों की उपस्थिति अनिवार्य है। अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध वरिष्ठ कार्य. को पत्र प्रेषित कियें जाएगें ।
बैठक में जनपद के सभी सभापतिगण, जनपद सदस्य, सीईओ राधेश्याम नायक, अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद सदस्यों ने अपने – अपने क्षेत्र की सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगन बाड़ी, मनरेगा, आवास योजना से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अंत में अध्यक्ष ममता सिंह ने सभी सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि – टीम भावना से कार्य करते हुए जनपद को विकास के मामले में आदर्श जनपद बनाना है।अधिकारी फील्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करें और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।



