
सारंगढ़। जपं बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्रापं मोहतरा (स) और मुड़पार (स) में भारी आर्थिक अनियमितता का मामला सामने आया है। दोनों पंचायतों में पदस्थ सचिव छतराम साहू पर बिना कार्य के ही करीब 15 लाख रु. आहरण करने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जनपद में की है। ग्रापं मोहतरा (स) में 15 वें वित्त की राशि में बड़ा घपला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार सरपंच हरीशचंद्र, सचिव छतराम साहू ने मिलीभगत कर विभिन्न निर्माण कार्यों के नाम पर 7 लाख 83 हजार रुपये निकाल लिए । मुरूम कार्य, जे सी बी कार्य, रोड रिपेयरिंग, बोर- मोटर, स्टेशनरी, हार्डवेयर और निर्माण सामग्री जैसे मदों में फर्जी बिल-वाउचर लगा कर जनता के पैसे का बंदरबांट की गई है।
इसी तरह ग्रापं मुड़पार (स) में भी सचिव छतराम साहू ने बिना कोई कार्य कराए करीब 7 लाख रु. आहरण कर लिया। दोनों ही पंचायतों में एक ही सचिव कार्यकाल के दौरान बड़े घपले हुए हैं आंख बंदकर भौतिक सत्यापन करने वाले संबंधित इंजीनियर की भूमिका पर भी ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सरपंच – सचिव पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वर्तमान में दोनों पंचायतों में हुए घपले की जांच जनपद पंचायत बिलाईगढ़ के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। इस संबंध में पक्ष जानने के लिए सरपंच-सचिव के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो मोबाइल बंद मिला।



