
सारंगढ़। राज्य शासन के निर्देश पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन में आयुष विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान एवं 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को योग-ध्यान सत्र व जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया है। खेलभाटा मैदान में प्रातः 7 बजे योग-ध्यान सत्र आयोजित होगा। इसके बाद आयुष कार्यालय परिसर, जनपद के सामने सारंगढ़ में प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला लगेगा। मेले में आयुष विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच, आवश्यकता अनुसार रक्त परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। मरीजों को निःशुल्क औषधियां प्रदान की जाएंगी। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ आयुष चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना है। जिला प्रशासन व आयुष विभाग ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।



