
सारंगढ़। नए जिले के दृष्टिकोण से जिले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने छोटे फुटकर व्यापारियों, ठेले-गुमटी वालों को व्यवस्थित करने के निर्देश नगर पालिका को दिए थे। हटाने की कवायद से कई दिनों से व्यापार प्रभावित हो रहा था इस पर भाजपा के वरिष्ठ पार्षद सत्येंद्र सिंह बरगाह गोल्डी नायक व व्यापारियों ने कलेक्टर से मिल समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर ने तत्काल सीएमओ को व्यापारियों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। इस मानवीय पहल से प्रशासन की सराहना हो रही है और सैकड़ों व्यापारियों ने कलेक्टर व सीएमओ का आभार जताया।
व्यापारियों ने नगर पालिका पहुंचकर सीएमओ सूरत सिदार को अपनी आपबीती बताई और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की बात कही। सीएमओ ने कहा कि जिले के मुख्य मार्गों को आम जनता के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित, स्वच्छ और सुंदर बनाने पर कार्य किया जा रहा है। त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने यह सार्थक पहल की है। सीएमओ ने व्यापारियों से प्रशासन के कार्यों में सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई। साथ ही स्वावलंबन योजना के तहत व्यापार हेतु आर्थिक सहायता की जानकारी दी और जल्द ही सभी फुटकर व्यापारियों के साथ बैठक करने की बात कही।



