
सारंगढ़। जिला शिक्षा अधिकारी एल एन पटेल ने कहा भारत के 25 करोड़ बच्चों के सपनों को साकार करना केवल व्यक्तिगत नहीं अपितु सामूहिक जिम्मेदारी है। हर बच्चे को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, प्रतिभा निखारने का अवसर व आगे बढ़ने का समान अधिकार मिले इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन पर सेवा संकल्प दिवस मनाया जा रहा है। डीईओ ने कहा प्रधानमंत्री के मंशानुरूप विकसित भारत बनाने के लिए हम सबको अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी होगी। भारत के 25 करोड़ बच्चों के सपनों को संबल देना ही सच्ची सेवा संकल्प है। इसी के तहत जिला स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जमीनी स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा किसी बच्चे का सपना संसाधनों के अभाव में अधूरा न रहे, हर प्रतिभा को उड़ान मिले और हर बचपन मुस्कुराता रहे। इसके लिए शिक्षकों, शिक्षक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ से मिलकर भारत की नई तस्वीर गढ़ने की आवश्यकता है। डीईओ पटेल ने सभी शिक्षक साथी व संस्थाओं से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सह भागिता की अपील की है। उन्होंने कहा बच्चों का सपना भारत का भविष्य, बच्चों की मुस्कान भारत की पहचान, एक कदम शिक्षा के लिए, एक कदम संस्कार के लिए और एक कदम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपसी सहयोग व समन्वय से कार्य करें।



