जनपद की प्रदेश कार्यकारणी में ममता राजीव सिंह बनीं प्रदेश उपाध्यक्ष व वीरेंद्र साहू बने अध्यक्ष

सारंगढ़ । छग जपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 16 सितंबर को विमतारा, रायपुर में आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेशभर के जनपद अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को एक साझा मंच पर लाना, उनकी समस्याओं, अधिकारों व दायित्वों पर चर्चा व संगठन को मजबूती प्रदान करना था। बैठक में जनपद पंचायतों के संचालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, जनप्रतिनिधियों की भूमिका व शासन-प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संगठित प्रयास का निर्णय लिया गया। इस दौरान नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी में जनपद पंचायत सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं वीरेंद्र साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। ममता सिंह को जिम्मेदारी मिलने पर सारंगढ़ क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। नव नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। माना जा रहा है नई टीम जनपद प्रतिनिधियों की आवाज को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएगी व संगठन को नई दिशा देगी।



