
सारंगढ़। शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा की प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी ने ग्राम भीखमपुरा स्थित सपेरा बस्ती पहुंचकर सामाजिक जागरूकता अभियान चलाया। राज्य स्तर पर दो बार सम्मानित प्रियंका ने बच्चों व अभिभावकों से सीधा संवाद कर शिक्षा, पोषण, स्वच्छता, बाल विवाह व वंचित बच्चों के उत्थान पर प्रेरणा दी। कहा हर बच्चे को सुरक्षित बचपन व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना मौलिक अधिकार है। इस दौरान 60 बच्चों को केला, बिस्किट व पहाड़ा किताब निःशुल्क वितरित की गई। स्वच्छता हेतु हाथ धुलाई के छह तरीके, नियमित स्नान व साफ-सफाई का महत्व समझाते हुए टूथ ब्रश, टूथपेस्ट व डेटॉल साबुन वितरित किया गया। सामूहिक जन्मदिन मनाकर केक कटवाया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आ गई।
किशोरी, बालिका को मासिक धर्म स्वच्छता पर विस्तार से जानकारी देकर सैनिटरी पैड वितरित किए गए। बच्चों को गुड टच-बैड टच की जानकारी सरल व रोचक तरीके से दी गई और अनुचित व्यवहार की जानकारी तत्काल अभिभावक या शिक्षक को देने हेतु जागरूक किया गया। शिक्षिका ने बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम व नशीले पदार्थों से दूर रहने, संस्कृति व लोककला में रुचि बढ़ाने की प्रेरणा दी। कहा बच्चों के अधिकारों की रक्षा व सुरक्षित भविष्य के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उनकी इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।



