
बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ की सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे होने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। निर्माणाधीन गौरव पथ में चलना खतरे से कम नहीं है। जगह-जगह पानी भरा है, सड़क है या डबरा पता नहीं चल रहा। बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरने से बाइक सवार रोज गिरकर चोटिल हो रहे हैं, बड़ी गाड़ियां भी फंस रही हैं। शा. प्राथमिक शाला बंगलाभाटा एवं बसना रोड में सड़क का और बुरा हाल है, जहां रोजाना लोग धोखा खा रहे हैं। इससे मोर सुंघर बिलाईगढ़ का नजारा स्पष्ट दिख रहा है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है। स्थानीय प्रशासन को जानकारी होने के बाद भी सुधार नहीं होने से परेशानी बढ़ रही है।
निवर्तमान फुल प्लेस सीएमओ सुशील चौधरी द्वारा गड्ढों को तुरंत मटेरियल, बोल्डर, राबिश से समतल किया जाता था। उनके स्थानांतरण के बाद प्रभारी प्रमोटिव अधिकारी का असर स्पष्ट दिख रहा है। नवपदस्थ प्रभारी सीएमओ को आए डेढ़ महीना हो गया, लेकिन आज तक गड्ढों में बोल्डर – मसाला नहीं डाला गया। किसी भी प्रकार का काम नहीं करवाया जा रहा है, मूलभूत सुविधा को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने तत्काल सड़क मरम्मत व समतलीकरण कराए जाने की मांग की है ताकि आवाजाही सुगम हो सके।



