
सारंगढ़ । कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शुक्रवार को निर्माणाधीन संयुक्त कलेक्ट्रेट एवं नवीन तहसील-एसडीएम कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए कहा कि गुणवत्ता से समझौता न हो और कार्य समय-सीमा में पूर्ण हों । कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को उच्च गुणवत्ता के साथ गति बढ़ाने के निर्देश दिए। कार्यपालन अभियंता को नियमित निरीक्षण व साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। लगभग 18 करोड़ की लागत से बन रहे संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। सीपेज की समस्या पर तकनीकी समाधान कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने लगभग 3 करोड़ की लागत से बन रहे नवीन तहसील एवं एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया। प्रस्तावित कोर्ट रूम को न्यायालयीन कार्यों के अनुरूप अधिक विस्तृत व सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए। कहा कि भवन भविष्य की जरूरतों व नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाए जाएं। सेवा संकल्प अभियान की तैयारी के तहत कलेक्टर ने खाड़ा बंध तालाब का भी निरीक्षण कर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, नायब तहसीलदार प्रकाश पटेल, पीडब्ल्यूडी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









