अटल जी के बनाए छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे: सांसद राधेश्याम राठिया

सांसद ने दीप प्रज्ज्वलित कर जिला स्तरीय राज्योत्सव का किया शुभारंभ
शासकीय विभागों के स्टॉलों का किया अवलोकन; जिलेवासियों के साथ दर्शक दीर्घा में बैठकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लिया आनंद
अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का स्मरण कर विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का संकल्प दोहराया
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 2 नवंबर 2026। सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में आयोजित एकदिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ से पहले उन्होंने आयोजन स्थल पर लगाए गए शासकीय विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागीय योजनाओं तथा सेवाओं की जानकारी ली। समारोह का आगाज छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के गायन से हुआ। अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
मुख्य अतिथि श्री राठिया ने अपने संबोधन में राज्योत्सव को छत्तीसगढ़ के गौरव, पहचान और सामूहिक उत्सव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति प्रदेशवासी सदैव कृतज्ञ रहेंगे। राज्य के गठन के पीछे लंबे संघर्ष और अनेक महापुरुषों का योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह जैसे महापुरुषों के बलिदान और आदर्शों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को प्रदेश के इतिहास और उसके निर्माण की यात्रा से परिचित कराना जरूरी है।
सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ को सुंदर, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बनाने की जिम्मेदारी सभी की है। राज्य की प्रगति के लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा, ताकि विकास का लाभ गांव-गांव और हर वर्ग तक पहुंचे। शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों तक नल से जल पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम हो रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई एक और दो रुपये किलो चावल योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने जरूरतमंद परिवारों को संबल दिया है।
किसानों की खुशहाली को प्रदेश की समृद्धि का आधार बताते हुए श्री राठिया ने धान खरीदी और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ मिले और गांवों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ें, इसके लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। महिला सशक्तीकरण के संदर्भ में उन्होंने लखपति दीदी पहल का उल्लेख किया और कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आजीविका तथा आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने, सड़कों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और ऐसा वातावरण बनाने पर जोर दिया, जिसमें लोगों को रोजगार के लिए बाहर जाने की मजबूरी न हो।
श्री राठिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ शांति और सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नक्सलवाद की चुनौती से प्रभावित क्षेत्रों में विकास, विश्वास और सुरक्षा को साथ लेकर आगे बढ़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने जिलेवासियों से छत्तीसगढ़ के विकास में सहभागी बनने और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
राज्योत्सव के दौरान मुख्य अतिथि सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने जिलेवासियों के साथ दर्शक दीर्घा में बैठकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति और लोकपरंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियों का दर्शकों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के लिए स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर गांव और विकसित, समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले, महिलाएं सुरक्षित और स्वावलंबी हों तथा किसान खुशहाल रहें। उन्होंने प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई।
समारोह में पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, पूर्व विधायक श्री शमशेर सिंह सारथी, श्री ज्योति पटेल, श्री सुभाष जलान, श्री द्वारिका साहू, श्री हरिनाथ खुटे, श्रीमती शिवकुमारी सिदार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अजय जवाहर नायक, श्री भुवन मिश्रा और श्री बेदराम जांगड़े मनोज जायसवाल जीवन रात्रे, चंद्रिका ठाकुर, सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक और सारंगढ़ एसडीएम श्री दशरथ राजपूत सहित प्रशासनिक अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
——————————–



