छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

साइबर जागरूकता अभियान 7,342 लोगों ने सीखे डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपाय

सारंगढ़ । जिले में छग पुलिस के निर्देश पर चल रहे साइबर जागृति अभियान के चौथे चरण के तहत आज विशेष जन-अभियान चलाया गया। यह अभियान 02 अक्टूबर तक चलेगा और चौथा हफ्ता ‘स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउज़िंग’ पर केंद्रित है। आज जिले के थानों, चौकियों, स्कूलों – कॉलेजों सहित करीब 101 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर 7,342 नागरिकों को जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने बताया कि – साइबर अपराधी नए तरीकों से ठगी कर रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक के जरिए करीबी की आवाज-वीडियो कॉपी कर पैसे मांगने के मामलों से सावधान रहने को कहा गया। ऐसे कॉल आने पर पहले संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर सत्यता जांचने की अपील की गई।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर सीबीआई, पुलिस या कस्टम अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर डराने-धमकाने को फ्रॉड बताया गया। कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी व्यवस्था नहीं है और असली पुलिस वीडियो कॉल पर पूछताछ या पैसे नहीं मांगती। साथ ही शेयर बाजार, आईपीओ में भारी मुनाफे का झांसा देने वाले फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स और टेलीग्राम ग्रुप्स से दूर रहने की अपील की गई। पब्लिक वाई-फाई पर वित्तीय लेन-देन न करने, स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड न करने, ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड किसी से साझा न करने और अज्ञात लिंक्स पर क्लिक न करने की हिदायत दी गई। ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर नजदीकी थाने में सूचना देने को कहा गया, ताकि राशि को बैंक स्तर पर होल्ड कराया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button