छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

अवैध महुआ शराब के खिलाफ मुहिम चलाना पड़ा भारी! महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष के पति-बेटे समेत 5 लोगों पर जानलेवा हमला

कुशभाठा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को रायपुर रिफर किया गया। पुलिस को पहले सूचना देने के बावजूद घटना होने का आरोप

सारंगढ़–बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ विधानसभा के अंतर्गत सलिहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुशभाठा में महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमशीला नायक के परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। हमले में उनके पति और वर्तमान सरपंच बेटे समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दो को रायपुर रिफर किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव में लंबे समय से अवैध महुआ शराब की बिक्री को बंद कराने के लिए मुहिम चलाई जा रही थी। इसी बीच मोहल्ले में कुछ लोगों द्वारा शराब पीकर गाली-गलौज किए जाने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि वर्तमान सरपंच ने इसका विरोध करते हुए संबंधित लोगों को ऐसा करने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने सरपंच और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि विवाद की आशंका को देखते हुए बीती रात ही पुलिस को सूचना दी गई थी। इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों को छोड़ दिया गया। आरोप है कि इसके बाद शनिवार सुबह फिर विवाद हुआ और सरपंच परिवार के पांच लोगों पर हमला कर दिया गया।

घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो को रायपुर रेफर किया गया। घटना को लेकर अब पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष, दर्ज रिपोर्ट और आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button