ईद मिलाद-उन-नबी पर सारंगढ़ में निकली भव्य रैली, गूंजा भाईचारे और सौहार्द का संदेश

सारंगढ़ :- ईद मिलाद-उन-नबी के पावन अवसर पर मुस्लिम जमात सारंगढ़ द्वारा नगर में भव्य रैली निकाली गई। रैली में मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। धार्मिक उत्साह के साथ निकली रैली ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए आपसी भाईचारे, प्रेम, शांति और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
रैली के दौरान नंदा चौक सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों द्वारा शरबत एवं मिठाई का वितरण किया गया। वहीं नूरानी मस्जिद के सदर मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद राजा खान, इमरान खान, रज्जाक खान (थेंथा), फिरोज खान सहित छोटे मस्जिद के मुस्लिम समाज के साथियों ने केक काटकर ईद मिलाद-उन-नबी की खुशियां मनाईं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं।
इसके बाद रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़ी मस्जिद पहुंची, जहां समाज के लोगों का स्वागत किया गया। यहां मिष्ठान वितरण कर सभी को ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी गई।
पूरे आयोजन के दौरान नगर में धार्मिक उत्साह के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। रैली को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सारंगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय रही और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।









