सरिया नगर पंचायत में 20 कहवा पेड़ों की अवैध कटाई, भाजपा पार्षद सत्यवान मनहर पर आरोप, वीडियो वायरल

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरिया नगर पंचायत में बस स्टैंड के बगल स्थित काजू बारी में करीब 20 कहवा पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। इस मामले में वार्ड नंबर 15 के भाजपा पार्षद सत्यवान मनहर पर आरोप लग रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शी चतुर्भुज धोबा ने बताया कि घटना का फोटो-वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर पार्षद के ट्रैक्टर से कटे हुए पेड़ों की लोडिंग करते दिखाया जा रहा है। आरोप है कि वीडियो बनाने वाले को पार्षद द्वारा देख लेने की धमकी भी दी गई।
मामले में जब प्रत्यक्षदर्शी ने सीएमओ मरकाम से अनुमति के संबंध में जानकारी चाही तो उन्होंने कहा कि यह उनके क्षेत्राधिकार में नहीं आता। वहीं मौके पर जांच के लिए पहुंची वन विभाग की टीम ने मीडिया को बयान देने से इनकार कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम को देखकर ऐसा लग रहा है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि आखिर यह जमीन किस विभाग के क्षेत्राधिकार में आती है और अवैध कटाई पर क्या कार्रवाई होती है।



