
बरगढ़ से छग लाया जा रहा था धान, दो ट्रक पकड़े
सारंगढ़ । छग में धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही पुलिस और प्रशासन ने अवैध धान परिवहन पर निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में बरमकेला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा के बरगढ़ से छग लाए जा रहे धान से लदे दो ट्रकों को पकड़ा है। दोनों वाहनों से कुल 605 बोरी धान जब्त किया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई में टाटा 1518 ट्रक क्रमांक MP-09-GH-5971 को पकड़ा गया। इस वाहन से 290 बोरी धान जब्त किया गया। ट्रक चालक संदीप पटेल (35 वर्ष), निवासी राजोदा, थाना देवास, जिला देवास मप्र बताया गया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में टाटा 1512 ट्रक क्रमांक CG-08-04 से 315 बोरी धान जब्त किया गया। इस वाहन को सींगाराम पटेल (59 वर्ष), निवासी भैरवखेड़ी, थाना टोंक खुर्द, जिला देवास (मप्र) चला रहा था। पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत धान जब्त कर कार्रवाई की है। हालांकि धान के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और पूरे मामले में आगे की जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। छग में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले दूसरे राज्यों से धान के परिवहन पर निगरानी महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसे समय में सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की जांच और परिवहन संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन प्रशासन के लिए अहम जिम्मेदारी है।



