
सारंगढ़।15 वर्ष की उम्र में बैडमिंटन की दुनिया में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे युवा खिलाड़ी लक्ष्य प्रधान ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र और छग का नाम रोशन किया है। विगत 15 अगस्त को रायगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी केअनुशंसा पर राज्य को गौरवान्वित करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में छग के वित्त मंत्री ओपी. चौधरी के हाथों लक्ष्य प्रधान को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मान पत्र व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इतनी कम उम्र में मिली यह उपलब्धि लक्ष्य के माता-पिता के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व, खुशी का विषय है लक्ष्य प्रधान रायगढ़ के प्रतिष्ठित चक्रधर क्लब में सुप्रसिद्ध बैडमिंटन कोच अकरम खान के मार्गदर्शन में लगातार अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। उनके सम्मान की खबर मिलते ही चक्रधर क्लब में भी खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लक्ष्य के पिता श्याम प्रधान और माता दीपा प्रधान ने इस सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि कम उम्र में बच्चों को ऐसी उपलब्धियां हासिल करते देख माता- पिता का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लक्ष्य आने वाले दिनों में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।









