
सारंगढ़। चक्रवात के प्रभाव से छग में वर्षा की संभावना को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चक्रवात के उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने की संभावना है, जिस के चलते 27 अक्टू. को सुकमा दंतेवाड़ा व 28-29 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में वर्षा का पूर्वानुमान है। इसे देखते हुए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने राजस्व, पुलिस, पंचायत, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन सहित सभी विभागों को सतर्क रहने, नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों, जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी – नालों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। कलेक्टर ने जलाशयों-बांधों के जलस्तर की नियमित निगरानी, विद्युत आपूर्ति की सुरक्षा और SDRF, नगर सेना के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जिले वासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, नदी-नालों व जलभराव वाले मार्गों को पार करने से बचने, आंधी- तूफान व बिजली चमकने पर खुले स्थान, पेड़ और बिजली खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों से खेतों में रखी उपज व धान को सुरक्षित रखने को कहा गया है।



