जनहितैषी मांग को ले प्रदर्शन कर रहे NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में

सारंगढ़ । जिले की 7 सूत्रीय मूलभूत मांगों को ले छात्र संगठन NSUI का विरोध प्रदर्शन अब गरमाता नजर आ रहा है। प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के सारंगढ़ आगमन, जनता व छात्रों के मुद्दों को लेकर NSUI की टीम ज्ञापन सौंपने की तैयारी में थी ।
NSUI जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने आगे बढ़ रहे थे । लेकिन इससे पहले की कार्यकर्ता अपनी बात मंत्री जी तक पहुंचा पाते इससे पहले रास्ते में भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया ।
देखते ही देखते पुलिस और प्रदर्शन कारी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का – मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बलपूर्वक जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा समेत उनके तमाम साथियों को गिरफ्तार कर लिया और गाड़ियों में बैठाकर सरसीवा थाना ले जाया गया।
इस घटना के बाद से ही राजनीति में हलचल तेज हो गई है। NSUI नेताओं का कहना है कि – लोकतांत्रिक तरीके से ज्ञापन देना हर नागरिक और छात्र संगठन का अधिकार है,लेकिन जिस तरह से पुलिसिया बल का प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को सरसीवा थाना भेजा गया, वह बेहद निंदनीय है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से NSUI कार्यकर्ता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि 7 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू हुआ यह विवाद क्या मोड़ लेता है और इस पर शासन- प्रशासन की क्या प्रतिक्रिया आती है।









