
अपराध नियंत्रण में सहयोग का किया आह्वान
सारंगढ़। नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सोमवार को जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के साथ परिचयात्मक प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि – पुलिस, पत्रकार और संभ्रांत नागरिक समाज के पूरक हैं तथा तीनों के आपसी सहयोग और समन्वय से ही अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
एसपी श्री शर्मा ने बताया कि – आम जन, पत्रकारों व पुलिस के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए एक समन्वय समूह बनाया जाएगा । उन्होंने कहा कि – किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से भी पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके । प्रेस वार्ता में उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा संचालित समाधान ऐप तथा जिले में आने वाले अप्रवासी व्यक्तियों की जानकारी दर्ज करने संबंधी ऐप सहित विभिन्न डिजिटल सुविधाओं की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर पत्रकारों ने रात्रि कालीन गश्त को प्रभावी बनाने, मुसाफिरी पंजी का नियमित सत्यापन, माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों की जांच, तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित बाइक चालकों पर सख्त कार्रवाई नगर में जुआ एवं अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाने, हेलमेट की अनिवार्यता सुनिश्चित कराने व सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के प्रति जन जागरूकता अभियान चलाने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
एसपी सुनील शर्मा ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि – कानून – व्यवस्था बनाए रखने व अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस जन सहयोग को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।
प्रेस वार्ता में अ. पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू सहित जिले भर के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।














