लकवा पीड़ित को बैंक में नहीं मिली मदद, विधायक उत्तरी जांगड़े ने जताई नाराजगी,,मौके पर उपस्थित होकर विधायक उत्तरी जांगड़े ने कराया भुगतान

परिजनों ने विधायक को धन्यवाद ज्ञापित किया
अपेक्स बैंक अपने कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में
सारंगढ़। ग्राम रीवांपार निवासी श्री गनेश्वर जोल्हे, जो लकवा से पीड़ित हैं, अपने खाते से राशि निकालने के लिए परिजनों के साथ चारपहिया वाहन से सारंगढ़ अपेक्स बैंक पहुँचे थे। परिजनों के अनुसार, करीब एक घंटे तक बैंक में रहने के बावजूद बैंक कर्मियों द्वारा उनकी स्थिति को देखते हुए किसी प्रकार की आवश्यक सहायता नहीं की गई।
मामले की जानकारी मिलने पर विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े तत्काल अपेक्स बैंक पहुँचीं और पीड़ित की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बैंक प्रबंधन को तत्काल पीड़ित को उसके खाते की राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए।
विधायक के बैंक पहुँचने के बाद बैंक कर्मियों द्वारा विभिन्न कारण बताए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की हठधर्मिता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से बीमार एवं जरूरतमंद व्यक्ति को उसके ही खाते से राशि निकालने के लिए परेशान करना उचित नहीं है।
विधायक जांगड़े ने बैंक प्रबंधन को भविष्य में बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं गंभीर रूप से बीमार ग्राहकों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बैंक की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ और आम जनता को इसी तरह परेशान किया गया, तो इसके खिलाफ जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विधायक के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित को तत्काल भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराई गई। मामले को लेकर बैंक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि जनता को अपने ही पैसे के लिए परेशान करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।














