छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

पूर्व अध्यक्ष लाल वीरेंद्र बहादुर तिवारी को अधिवक्ता संघ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

सारंगढ़। जिला अधिवक्ता संघ सारंगढ़ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय लाल वीरेंद्र बहादुर तिवारी के निधन पर गुरुवार को न्यायालय परिसर में जिला अधिवक्ता संघ द्वारा आकस्मिक शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं संघ के पदाधिकारियों ने उनके व्यक्तित्व, कर्तृत्व और न्यायिक क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को स्मरण करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि सभा में अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. मनोज प्रजापति, संतोष महोबिया एवं हरिश्चंद्र मिश्रा, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी निकसन डेविड लकड़ा, व्यवहार न्यायाधीश आशीष डेहरिया एवं कु. नेताम, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय कुमार तिवारी, सचिव कुलदीप राज पटेल, पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
जिला अधिवक्ता संघ के प्रवक्ता अधिवक्ता दीपक तिवारी ने अपने श्रद्धांजलि उद्बोधन में कहा कि स्वर्गीय लाल वीरेंद्र बहादुर तिवारी केवल एक सफल और प्रतिष्ठित अधिवक्ता ही नहीं, बल्कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार भी थे। वे उत्कृष्ट गायक एवं संगीतकार थे तथा ऑर्केस्ट्रा के लगभग सभी वाद्य यंत्रों के कुशल वादक थे। उनकी विशेष पहचान यह थी कि वे पुरुष एवं महिला दोनों स्वर में समान सहजता से गायन करने की अद्भुत क्षमता रखते थे। अधिवक्ता बनने से पूर्व उन्होंने सारंगढ़ संगीत समिति तथा नवनीत ऑर्केस्ट्रा ग्रुप का सफल संचालन कर सांस्कृतिक क्षेत्र में भी विशिष्ट पहचान बनाई थी।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय तिवारी के अध्यक्षीय कार्यकाल में सारंगढ़ में अपर सत्र न्यायालय के लिंक कोर्ट की स्थापना की मांग सफल हुई। बाद में इस लिंक कोर्ट को स्थायी न्यायालय का दर्जा प्राप्त हुआ तथा उनके कार्यकाल में ही अपर सत्र न्यायालय भवन का शिलान्यास भी संपन्न हुआ। न्यायिक व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय कुमार तिवारी ने कहा कि स्वर्गीय लाल वीरेंद्र बहादुर तिवारी सहज, सरल, मिलनसार एवं सेवाभावी व्यक्तित्व के धनी थे। वे सदैव जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। उनके निधन से अधिवक्ता संघ ने एक कर्मठ, जुझारू, अनुभवी एवं प्रेरणास्रोत साथी को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
सभा के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के सचिव कुलदीप राज पटेल ने शोक प्रस्ताव का वाचन किया। इसके पश्चात उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं अतिथियों ने स्वर्गीय तिवारी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अंत में दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। जिला अधिवक्ता संघ की ओर से शोक-संतप्त परिवार के नाम संवेदना-पत्र भी प्रेषित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button