छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

संत शिरोमणि रविदास के आदर्शो को जन जन तक पहुँचाने भाजपा की मुहिम

सारंगढ़ । संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650 वें प्रकाशपर्व के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय चंदाई में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश सदस्य कृष्ण कांत चंद्रा ने कहा कि – संत शिरोमणि गुरु रवि दास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, मानवता,भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संत रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान का संचालन कर रही है । अभियान के अंतर्गत समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।

उन्होंने कहा कि – प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं सम्मान पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा संतों और महापुरुषों के विचारों को समाज में प्रतिष्ठित करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने कहा कि – संत गुरु रवि दास जी का जीवन समाज में समान अवसर, सामाजिक न्याय और समरसता का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक मजबूत और संगठित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा गुरु रविदास जी के विचारों को घर – घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की रूपरेखा, आगामी कार्यक्रमों एवं प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न आयोजनों की जानकारी भी मीडिया प्रतिनिधि को दी गई। इस प्रेसवार्ता में जिला महामंत्री द्वारिका साहू, जिला प्रवक्ता भुवन लाल मिश्रा, रवि तिवारी, ओमकार बानी, मनोज मिश्रा, चिंता राम साहू, सतीश शर्मा प्रकाश अग्रवाल, मनोहर पटेल,दुर्गा ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर अभियान से संबंधित जान कारी प्राप्त की।
अंत में सभी पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए जिला प्रवक्ता भुवन मिश्रा ने सभी जिला पत्रकारो का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button