छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

*सफलता की कहानी*मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बना आँचल प्रधान के जीवन की उम्मीद*

*मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मिला 6 लाख की मदद*

*रायपुर एम्स में होगा आँचल का मुफ्त इलाज, परिवार को मिला सरकार का संबल*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 जून 2026/बरमकेला विकासखंड के ग्राम महोदी निवासी नवीन प्रधान के परिवार के लिए उनकी चार वर्षीय पुत्री आँचल प्रधान की सुनने की समस्या लंबे समय से चिंता का विषय था। जन्म से ही आँचल सुन नहीं पाती थी, जिसके कारण उसके विकास और भविष्य को लेकर परिवार बेहद चिंतित था। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार की सलाह दी, लेकिन इलाज में आने वाला भारी खर्च परिवार की आर्थिक क्षमता से बाहर था।

अपनी बेटी के इलाज के लिए हर संभव प्रयास करने के बाद भी जब कोई रास्ता नहीं मिला, तब नवीन प्रधान ने जिला स्वास्थ्य विभाग में सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में प्रकरण तैयार कर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत भेजा गया।

परिणामस्वरूप, आँचल प्रधान के उपचार हेतु 6 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई। इस सहायता से अब राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उसका उपचार शुरू किया जाएगा। योजना के माध्यम से आँचल का इलाज निःशुल्क हो सकेगा और उसके सुनने की क्षमता वापस लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जाएंगे।

आर्थिक सहायता मिलने पर आँचल के पिता नवीन प्रधान ने भावुक होकर बताया कि वे अपनी बेटी के इलाज को लेकर बहुत परेशान थे। कई अस्पतालों में परामर्श लेने पर उपचार का खर्च लाखों रुपये बताया गया था, जिसे वहन करना उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की मदद से आज उनकी बेटी को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है।

नवीन प्रधान ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू तथा स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार से उनके परिवार को संबल मिला है। इस योजना ने उनकी बेटी के उपचार का सपना पूरा कर दिया है। अब उन्हें विश्वास है कि उचित इलाज के बाद उनकी बेटी भी सामान्य बच्चों की तरह सुन और बोल सकेगी। यह जीवंत कहानी इस बात का उदाहरण है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई आशा और विश्वास का संचार कर रही हैं। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button