*कलेक्टर ने जनगणना कर्मियों को किया सम्मानित*जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों क़ो मिला प्रशस्ति पत्र*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 जून 2026/कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी पद्मिनी भोई साहू द्वारा जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, 14 प्रगणकों, 14 पर्यवेक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स एवं फील्ड ट्रेनर्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी संजय टोप्पो सहित जनगणना प्रकोष्ठ के समस्त अधिकारी -कर्मचारी, विभिन्न विभागों के मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है। ऐसे में इसकी गुणवत्ता और सटीकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिले में प्रथम चरण का फील्ड कार्य न केवल निर्धारित समय में पूरा किया गया, बल्कि कार्य की गुणवत्ता भी मानक है। यह सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। इतने व्यापक और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य की जिम्मेदारी क़ो पारदर्शिता के साथ पूरा करना सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों और ट्रेनर्स को बधाई देते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की तथा आगामी द्वितीय चरण में भी इसी उत्साह, प्रतिबद्धता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। पद्मिनी भोई साहू ने पूरी टीम के बेहतर समन्वय और अथक परिश्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनगणना जैसे कार्यों की सफलता टीमवर्क और अनुशासन पर निर्भर करती है, जिसे जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बखूबी साबित किया है।
उल्लेखनीय है कि जनगणना के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया गया। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को निर्धारित समय- सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण करने में मैदानी अमले, पर्यवेक्षकों एवं प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समर्पण, जिम्मेदारी और मेहनत के कारण जिले में यह कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सका।














