छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

*कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा*हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी और मातृ मृत्यु शून्य करने पर दिया जोर*

*कुष्ठ रोग की पहचान एवं उपचार के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 जून 2026/ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति की प्रथम समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा किया। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों की संख्या, स्वास्थ्य विभाग के वाहनों की स्थिति तथा विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।

कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंडों में संचालित जीवनदीप समितियों के उपलब्ध फंड की जानकारी लेकर उसका हॉस्पिटल में प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी सर्जन चिकित्सकों को सोनोलॉजिस्ट प्रशिक्षण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध हो सके।

बैठक में जन्म दर, मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य सूचकांकों का समीक्षा किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी के लिए मितानिनों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से कार्य करने तथा जरूरतमंद महिलाओं को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी गर्भवती महिला की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की डेटवार कार्ययोजना तैयार कर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में महतारी एक्सप्रेस वाहनों की उपलब्धता, संचालन एवं वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। साथ ही फाइलेरिया, डेंगू, लिम्फोडेमा, टीबी एवं कुष्ठ रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुष्ठ रोग की पहचान एवं उपचार के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए।

कलेक्टर ने आयुष्मान भारत एवं आयुष्मान आरोग्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए लाभान्वित हितग्राहियों की संख्या तथा शेष पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, सिविल सर्जन दीपक जायसवाल, बीएमओ, डीपीएम तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button