
सारंगढ़। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना देश की टूटी हुई और भ्रष्ट व्यवस्था की देन है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या करने वाले छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। अरुण मालाकार ने कहा कि एक मां-बाप ने अपना बेटा खोया है और उनका कोई कसूर नहीं था। आज देश के लाखों बच्चे पढ़ाई, प्रतियोगिता और भविष्य के दबाव में जी रहे हैं। ऐसे समय में जब पेपर लीक जैसी घटनाएं होती हैं तो केवल एक परीक्षा ही नहीं टूटती, बल्कि एक छात्र का सपना और पूरा परिवार टूट जाता है। उन्होंने कहा कि – प्रदीप की मौत केवल आत्महत्या नहीं, बल्कि भ्रष्ट और असफल व्यवस्था का परिणाम है। अरुण मालाकार ने आरोप लगाया कि इस पूरी घटना की जवाब देही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेनी चाहिए अरुण ने कहा कि – युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए तथा परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाना चाहिए।














