*रायपुर में जिपं अध्यक्ष संघ की दो दिवसीय बैठक सम्पन्न, कई महत्व पूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा*

सारंगढ़। जिपं अध्यक्ष संघ की दो दिवसीय बैठक रायपुर में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुई, जिसमें संघ के कार्यों, उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश भर के जिपं अध्यक्षों ने भाग लिया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि – संघ के गठन के बाद कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं । उन्होंने बताया कि – सभी जिला पंचायत अध्यक्षों की सुरक्षा के लिए पत्र जारी किया गया था, जिसके परिणाम स्वरूप अधिकांश अध्यक्षों को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध हो चुके हैं । उन्होंने यह भी बताया कि – पहले जिला पंचायत अध्यक्ष को विकास कार्यों की छायाप्रति नहीं मिलती थी, लेकिन संघ के प्रयासों से अब उन्हें विकास कार्यों की प्रतिलिपि मिलने लगी है ।
इसके अलावा, गौण खनिज संवितरण नियम में संशोधन हेतु संघ द्वारा दिया गया प्रस्ताव अंतिम चरण में है, जो पंचायत विभाग से आगे बढ़कर माइनिंग विभाग में प्रक्रिया में है और जल्द ही पूर्ण होने की उम्मीद है , पांडे जी ने कहा कि – बैठक में सुविधा वृद्धि एवं अन्य मांगों पर भी चर्चा की गई, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला है। संघ के प्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया, जिनमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्पीकर डॉ. रमन सिंह, मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री अरुण साव, प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव मंत्री केदार कश्यप, धरम लाल कौशिक व मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हैं । बैठक के अंत में अगली बैठक अचानकमार टाइगर रिजर्व में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, संघ के संरक्षक नवीन अग्रवाल सह बड़ी संख्या में जिपं अध्यक्ष उपस्थित रहे ।














