
सारंगढ़। जिले की कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस फर्जी आईडी से कुछ लोगों को मैसेज भी भेजे गए हैं। मामले की जानकारी संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर ने जिले वासी से सावधान रहने की अपील की है।कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्पष्ट किया है कि उनके नाम व फोटो का इस्तेमाल कर बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी से भेजे जाने वाले किसी भी मैसेज को नजर अंदाज करें और उस पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि उनकी कोई भी आधिकारिक मांग या संदेश इस प्रकार फेसबुक मैसेंजर से नहीं भेजा जाता, इस लिए सतर्क रहें।
कलेक्टर की अपील के बाद सवाल उठ रहा है कि – आखिर उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी आईडी किसने बनाई ? लोगों को मैसेज भेजने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था ? मामले में संबंधित फर्जी आईडी की पहचान और उसे संचालित करने वाले व्यक्ति की जांच किया जाना जरूरी हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल या मैसेज के झांसे में न आएं और आवश्यकता पड़ने पर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों या पुलिस को दें। फर्जी आईडी मिलने पर रिपोर्ट व ब्लॉक करने की भी सलाह दी गई है।









