सारंगढ़ मे जागरूकता से लेकर कार्रवाई तक एसपी वार्ष्णेय का रहा सख्त और सौम्य पहरा “सारंगढ़ में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन..

‘सुरक्षित सफर के लिए गढ़े नए आयाम..
सारंगढ़। जिले के पुलिस कप्तान आंजनेय वार्ष्णेय (IPS) के नेतृत्व और प्रभावी मार्गदर्शन में आयोजित ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026’ का शानदार समापन हुआ। पूरे माह चले इस अभियान ने न केवल लोगों को जागरूक किया, बल्कि पुलिसिंग के मानवीय और सेवाभावी चेहरे को भी सामने रखा। एसपी वार्ष्णेय की रणनीति के कारण ही यह अभियान केवल सरकारी आयोजन न रहकर एक जन-आंदोलन में तब्दील हो गया।
जागरूकता से लेकर कार्रवाई तक: एसपी का रहा सख्त और सौम्य पहरा-
अभियान का शुभारंभ 1 जनवरी को भारत माता चौक से हुआ था। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात टीम ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए प्रोजेक्टर और वीडियो के जरिए लोगों को नियमों का पाठ पढ़ाया। एसपी वार्ष्णेय के नेतृत्व में पुलिस ने एक ओर जहाँ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की, वहीं दूसरी ओर चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ मिलकर राहगीरों को निःशुल्क हेलमेट भी वितरित किए।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियाँ और नवाचार-
650 लर्निंग लाइसेंस: खेलभांठा मैदान में आयोजित कैंप एसपी के विजन का परिणाम रहा, जहाँ एक ही स्थान पर 650 लोगों के लाइसेंस बनाए गए।
रिफ्लेक्टर बेल्ट: आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पशुओं को रिफ्लेक्टर बेल्ट लगाए गए।
नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण:- दानसरा बाईपास पर ट्रक और बस चालकों का नेत्र परीक्षण, शुगर और बीपी की जांच कराई गई, ताकि शारीरिक अस्वस्थता के कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके।
3000 छात्र बने ट्रैफिक दूत: – जिले के विभिन्न स्कूलों-कॉलेजों के लगभग 3000 छात्रों को प्रशिक्षित किया गया, जिन्होंने अपने परिवार को जागरूक करने का संकल्प लिया।
प्राथमिक उपचार और CPR ट्रेनिंग
एसपी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से चालकों और आम जनों को CPR (आपातकालीन जीवन रक्षक प्रक्रिया) की ट्रेनिंग दी गई, ताकि सड़क दुर्घटना के ‘गोल्डन ऑवर’ में किसी की जान बचाई जा सके।
समापन समारोह:- विजेताओं और ट्रैफिक मितानों का सम्मान
समापन समारोह में जिलाधीश डॉ. संजय कन्नौजे और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने अभियान को सफल बनाने वाले ट्रैफिक मितानों, पुलिस अधिकारियों और स्कूली बच्चों को सम्मानित किया। रंगोली, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार बांटे गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय, अविनाश मिश्रा, एसडीपीओ स्नेहिल साहू और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोषी ग्रेस सहित पूरी पुलिस टीम और चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य उपस्थित रहे।














