*ग्रापं गोडीहारी में श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय*

सारंगढ़ । ग्रापं गोडीहारी में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय शामिल हुए । उन्होंने कथा स्थल पर पहुंच विधिवत पूजन-अर्चन किया और भागवत भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया ।अपने संबोधन में श्री पांडेय ने कहा कि – भगवान की इच्छा के बिना संसार में कुछ भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा, भगवान की मर्जी के बिना एक पत्ता भी नहीं हिल सकता । करने वाला और कराने वाला वही है । हम न उनके श्रेष्ठ हैं और न ही खास, हम तो केवल उनके दास हैं। उद्बोधन के दौरान जिपं अध्यक्ष ने एक मार्मिक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि – एक राजा प्रति दिन मंदिर दर्शन के लिए जाता था। मंदिर की सीढ़ियों के दोनों ओर दो भिखारी बैठते थे। एक दिन राजा ने दाहिनी ओर बैठे भिखारी के लिए खीर का कटोरा भेंजा, जिसमें सोने के सिक्के छिपाए गए थे। दाहिनी ओर बैठे भिखारी ने थोड़ी खीर खाने के बाद कटोरा बाईं ओर बैठे भिखारी को दे दिया। बाईं ओर बैठे भिखारी ने खीर घर ले जाकर खाई, तो उसमें से सोने के सिक्के प्राप्त हुए। इसके बाद उसने भीख मांगना छोड़ दिया और भगवान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। राजा को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने कहा कि – मनुष्य केवल माध्यम है, असली नियंता भगवान हैं। जिसे जो प्राप्त होना होता है, वह ईश्वर की इच्छा से ही मिलता है। कार्यक्रम में श्री अरुण गुड्डू यादव , गोपेश रंजन द्विवेदी, रमेश तिवारी , दूधनाथ पटेल, प्रमोद यादव, गुड्डू पटेल, रामलाल पटेल, श्याम देव भारद्वाज, रामेश्वर पटेल एवं ग्रामवासी बाहर से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे ।














