
बिलाईगढ़। नगर में बुनियादी जन समस्याओं और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को ले व्यापारी संघ का 5 दिवसीय धरना – प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस आंदोलन को व्यापारियों,दुकान दारों व ग्रामीणों का व्यापक जन समर्थन मिल रहा है। लेकिन, इस पूरे घटनाक्रम के बीच विधायक कविता प्राण लहरे की अनुपस्थिति को लेकर स्थानीय जनता और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। धरना स्थल पर मौजूद लोगों और आम जनता का कहना है कि – क्षेत्र की जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों से विधायक कविता प्राण लहरे ने दूरी बना रखी है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि – विधायक सार्वजनिक समस्याओं और विकास कार्यों की चिंता करने के बजाय घरेलू और निजी कार्यक्रमों में अधिक दिल चस्पी दिखा रही हैं। जन समर्थन में उनके न पहुंचने से आक्रोशित जनता विधायक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है ?
व्यापारियों और ग्रामीणों के इस उग्र आंदोलन के मुख्य रूप से दो बड़े कारण, गौरव पथ निर्माण में देरी लंबे समय से अधूरा पड़ा गौरव पथ सड़कनिर्माण कार्य क्षेत्रवासियों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। सड़क न बनने से धूल, कीचड़ व रोजाना लगने वाले जाम से व्यापार पूरी तरह ठप हो रहा है और आवागमन में गंभीर परेशानियां आ रही हैं। नगर प्रशासन व CMO की मनमानी प्रदर्शनकारियों ने नपं के सीएमओ की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि -नगर प्रशासन की तानाशाही और ढुलमुल रवैये के कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं, जिससे आम जनता त्रस्त है।
धरना स्थल पर जुटे व्यापारियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 5 दिवसीय धरने के भीतर गौरव पथ निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने और सीएमओ की मनमानी पर अंकुश लगाने जैसे कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और अधिक उग्र एवं व्यापक रूप धारण करेगा।









