
सारंगढ । जिले में सुनियोजित शहरी विकास व भविष्य की नगरीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिले में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के संचालन के लिए शासकीय भवन में कक्ष आबंटित कर दिया गया है।मुख्य मंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी दिशा में नवगठित जिले में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के संचालन की व्यवस्था एक महत्वपूर्ण कदम है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के अनुमोदन पर नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ को जिला आयुष विभाग के साथ आबंटित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जिले के गठन के बाद नगरीय क्षेत्रों के विस्तार के साथ आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक उपयोग की भूमि के व्यवस्थित नियोजन की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। स्थानीय स्तर पर कार्यालयीन व्यवस्था उपलब्ध होने से विकास योजनाओं की तैयारी, भूमि उपयोग संबंधी प्रावधानों और नगरीय अधोसंरचना के सुनियोजित विस्तार में सहूलियत मिलेगी।



