
सारंगढ़। शा.लोचन प्रसाद पांडेय महा. में छग राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा युवा उड़ान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, कौशल विकास व आत्मविश्वास का संदेश दिया। श्री पांडेय ने कहा कि युवाओं के सपनों को साकार करने में उनकी सोच, संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।पांडे
ने डिजिटल युग व AI का उदाहरण देते हुए कहा कि – जिस प्रकार मोबाइल पर हमारी रुचि के अनुसार सामग्री आती है, उसी प्रकार जब हम किसी लक्ष्य के प्रति गंभीर होते हैं तो उससे जुड़े अवसरों को पहचानने की हमारी क्षमता विकसित होती है। केवल सोचने से सफलता नहीं मिलती, सही दिशा में योजना बनाकर कार्य करना जरूरी है।
उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन का उल्लेख कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कहा कि कठिन परिस्थितियां किसी की संभावनाओं का अंतिम निर्धारण नहीं करतीं। युवाओं से मोबाइल और तकनीक का उपयोग मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के लिए करने की अपील की। अंत में उन्होंने कहा – मोबाइल का एल्गोरिदम आपकी पसंद दिखाता है, लेकिन जीवन की दिशा आपका लक्ष्य, सोच और कर्म तय करते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं प्राध्यापक उपस्थित थे।



