
सारंगढ़ । विकास खंड अंतर्गत शास. प्रा. शाला दहिदा में पदस्थ प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकीकरण में समुदाय की भागीदारी के साथ महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। वे सिर्फ कक्षा के भीतर शिक्षा नहीं देतीं, बल्कि समाज को जोड़ने के कार्य कर रही हैं। शिक्षिका द्वारा राष्ट्रीय चेतना का विस्तार करते हुए विविधता में एकता का पाठ पढ़ाया जा रहा है। भारत जैसे बहुसांस्कृतिक देश में विभिन्न धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों के विद्यार्थियों को एक साथ लाकर एकता की भावना मजबूत की जा रही है। साथ ही स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों को स्थापित किया जा रहा है।
गोस्वामी द्वारा देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति आदर विकसित किया जा रहा है। समाज में फैले जातिवाद, क्षेत्रवाद, भाषावाद और सांप्रदायिकता जैसी संकीर्ण भावनाओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रों और समुदाय के बीच स्वस्थ संवाद को बढ़ावा देकर आपसी समझ बढ़ाई जा रही है। शिक्षिका विद्यालय प्रबंधन समिति में अभिभावकों और स्थानीय नेताओं को शामिल कर समुदाय और विद्यालय के बीच सेतु का कार्य कर रही हैं। साक्षरता, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे राष्ट्रीय अभियानों का नेतृत्व, बच्चों में आत्मनिर्भरता और नवाचार की सोच विकसित कर राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का विकास किया जा रहा है।



