स्वच्छता केवल अभियान नही बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा संस्कार है – संजय भूषण पांडे

गिरसा में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
सारंगढ़ । ग्रापं गिरसा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। ग्रामवासियों को कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए हरे, नीले, पीले एवं लाल डस्टबिन का वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि – स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि जन भागीदारी से जुड़ा संस्कार है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता को लेकर दिए जा रहे संदेशों ने देशभर में जन-जागरूकता को व्यापक रूप दिया है। प्रत्येक परिवार अपने घर से ही स्वच्छता की शुरुआत करे।
उन्होंने कहा कि कचरे को निर्धारित डिब्बों में अलग- अलग डालने की आदत विकसित करें। “न कचरा फैलाएंगे, न फैलाने देंगे, यही स्वच्छ और स्वस्थ गांव की पहचान होगी।” उन्होंने जिला कलेक्टर आईएएस पद्मिनी भोई की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे जनसेवा की भावना से लगातार क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों को गति दे रही हैं। इस कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत सदस्य शिवानी साहू, डॉ. दिनेश जांगड़े एवं भरत जटवर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रापं पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने ग्राम गीरसा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।



